पनकी नहर में डूबने से किशोर की मौत के बाद हुए हंगामे पर पुलिस ने आठ नामजद समेत 58 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का आरोप है कि उक्त लोगों ने मृतक के परिजन को भड़काया। सड़क जाम होने से घंटों तक एंबुलेंस समेत अन्य जरूरी वाहन फंसे रहे। लोगों ने पुलिस से भी अभद्रता की।
पनकी रतनपुर ईडब्ल्यूएस कॉलोनी निवासी संजीव कुमार शुक्ला का 16 वर्षीय बेटा अनुभव रविवार को नहर में डूब गया था। सोमवार को उसका शव उतराता मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन को सौंप दिया। परिजन ने रतनपुर पुलिस चौकी के पास शव रखकर हंगामा किया था। परिजन ने बेटे अनुभव के साथ रहे मोहल्ले के एक किशोर पर हत्या का आरोप लगा कार्रवाई की मांग की। वहीं, पुलिस ने किशोर से पूछताछ के बाद उसे क्लीनचिट दे दी थी।
पनकी इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि आशुतोष शुक्ला, पवन बाजपेई, राजा श्रीवास्तव, अरविंद, राहुल दीक्षित, रामजी शुक्ला, राजीव शुक्ला, प्रदीप शुक्ला के साथ 40-50 अज्ञात लोगों ने मृतक के परिजन को भड़काया। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
