लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के हिंदी एवं आधुनिक भारतीय भाषा विभाग में सोमवार को 12 दिवसीय पुनश्चर्या पाठ्यक्रम की शुरुआत हुई। मदनमोहन मालवीय टीचर्स ट्रेनिंग मिशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में ‘हिंदी पत्रकारिता के दो सौ वर्ष’ विषय पर विमर्श होगा। इसमें पूरे भारत से 137 हिंदी शिक्षक भाग ले रहे हैं। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल के जनसंचार विभाग के अध्यक्ष संजय द्विवेदी ने कहा कि भारतीय पत्रकारिता को भारतीय दर्शन के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने वर्तमान पत्रकारिता में अशोभन तत्वों की वृद्धि पर चिंता व्यक्त की। जोर दिया कि हम संचार, संवाद और शास्त्रार्थ की परंपरा के उत्तराधिकारी हैं। लविवि के पत्रकारिता विभाग के संस्थापक अध्यक्ष प्रो. सूर्य प्रसाद दीक्षित ने कहा कि पत्रकारिता ने हिंदी को बहुत आगे बढ़ाया और नई चेतना लाई। हिंदी विभागाध्यक्ष पवन अग्रवाल ने स्वतंत्रता आंदोलन में पत्रकारों के विशेष योगदान को रेखांकित किया। मदनमोहन मालवीय टीचर्स ट्रेनिंग मिशन के निदेशक दिनेश कुमार ने पाठ्यक्रम के उद्देश्यों को स्पष्ट किया।
