महोबा। परिषदीय विद्यालयों में खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने और उनकी नियमित निगरानी के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। अब सभी विद्यालयों में आयोजित खेल गतिविधियों की तस्वीरें प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड करनी होंगी। इससे खेल गतिविधियों के साथ खेल सामग्री के इस्तेमाल की भी जानकारी रहेगी। ये निर्देश स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने निर्देश जारी किए हैं।

जनपद में 840 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें 75 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। नई व्यवस्था के तहत प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को नियमित रूप से खेल गतिविधियां आयोजित करानी होंगी। इसके बाद बच्चों की तस्वीरें और गतिविधियों का विवरण प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड करना होगा। इसका उद्देश्य बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ खेल सामग्री का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है।

पोर्टल पर दर्ज जानकारी के आधार पर विद्यालयों में खेलकूद की स्थिति की निगरानी होगी। परिषदीय विद्यालयों को प्रतिवर्ष लूडो, कैरम, फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, क्रिकेट समेत विभिन्न खेलों की सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। इसके बावजूद कई विद्यालयों में इनका अपेक्षित इस्तेमाल नहीं हो पाता। नई व्यवस्था से बच्चों की खेल गतिविधियों में भागीदारी और सामग्री के वास्तविक उपयोग की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



Source link