महोबा/चरखारी। शासन के निर्देश पर जिले के बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान रैली, रंगोली व क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रेमचंद यादव, मतदाता जागरूकता के जिला नोडल प्रेमचंद अनुरागी और बेसिक शिक्षा की नोडल अपर्णा नायक के निर्देशन में पं. दीनदयाल उपाध्याय मॉडल इंटर कॉलेज चिचारा, राजकीय मुकुंद लाल तिवारी इंटर कॉलेज महोबा, सेंट जोसफ्स इंग्लिश मीडियम स्कूल महोबा, हमीदिया इंटर कॉलेज पनवाड़ी, नेहरू इंटर कॉलेज महोबा, पूर्व माध्यमिक विद्यालय अस्थौन में कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने लघु नाटिका, गीत और रंगोली के जरिए मतदाताओं को मताधिकार का संदेश दिया। अपर्णा नायक ने छात्रों को बताया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी जरूरी है।
