मथुरा। सदर बाजार क्षेत्र में कार सवार चार नकाबपोश बदमाश नेत्र चिकित्सक के घर में घुस आए। तमंचे के बल पर बेटे को चुप कराकर 25 लाख रुपये के आभूषण लूट ले गए। चोर कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की आठ टीमें जुटी हुई हैं।

सदर बाजार क्षेत्र के श्रीजी विहार कॉलोनी रांची बांगर निवासी डॉ. वीरेंद्र सिंह नेत्र चिकित्सक हैं और टाउनशिप पर उनकी चश्मों की दुकान है। थाना सदर बाजार में दर्ज कराई प्राथमिकी में उन्होंने बताया है कि शुक्रवार रात 12 बजे वह अपनी पत्नी के साथ राया स्थित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर पर बेटे भावेश (15) और चिराग (6) मौजूद थे। जाते समय वह मकान के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा गए थे।

आरोप है कि रात करीब दो बजे बेटे भावेश ने पड़ोसी देवेंद्र सिंह के मोबाइल फोन से रोते हुए उन्हें बताया कि उनके जाते ही चार नकाबपोश बदमाश मकान का ताला तोड़कर घर में घुस आए। चोरों के सामान पटकने की आवाज से बेटे की नींद खुल गई और वह चिल्लाने लगा। एक बदमाश ने भावेश को तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देकर शांत कर दिया। इसके बाद चोर घर में रखे करीब 25 लाख रुपये के आभूषण और कैमरों की डीवीआर लेकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य एकत्रित कराए और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले।

एसएसपी श्लोक कुमार ने एसओजी, स्वाट, सर्विलांस समेत आठ टीमें लगाई है। बताया जा रहा है कि जिस कार से बदमाश आए थे पुलिस ने उसे ट्रैस कर लिया है। रात के अंधेरे में फुटेज साफ नहीं आने से बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है। एसएसपी ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

—

ये आभूषण हुए चोरी

सोने के दो मंगलसूत्र, तीन जंजीर, दो कड़े, चार अंगूठियां, चांदी की तीन जोड़ी तोड़ियां और एक किलोग्राम चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं।



Source link