दोहरीघाट (मऊ)। थाना क्षेत्र के कोरौली गांव निवासी आकाश कुमार की याचिका पर अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने बलिया निवासी अवधेश कुमार और उसके पिता हीरालाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि विदेश भेजने के नाम पर दो लाख रुपये ले लिए, फर्जी वीजा और टिकट दिया।
प्राथमिकी के अनुसार आकाश कुमार ने बताया कि बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र के बासपार बहोरवां निवासी अवधेश कुमार से उसकी पहले से जान पहचान थी। अवधेश कुमार ने आकाश के घर आकर विदेश भेजने का झांसा दिया और इसके बदले दो लाख रुपये मांगे। आकाश ने रुपये की व्यवस्था कर एक लाख पांच हजार रुपये नकद और 95 हजार रुपये अलग अलग तिथियों में बैंक खाते में भेजा। 16 जनवरी 2026 की शाम करीब 4 बजे अवधेश घर आया और उसके नाम से वीजा की फोटो कॉपी देकर कहा कि टिकट मिलते ही कंपनी का एग्रीमेंट लेटर और पासपोर्ट देकर विदेश भेज दिया जाएगा। कुछ दिन बाद उसने बलिया के बेल्थरा रोड स्थित अपने कार्यालय बुलाया और वीजा, हवाई टिकट व एग्रीमेंट लेटर की फोटो कॉपी दी। कहा कि मूल पासपोर्ट और दस्तावेज एयरपोर्ट पर उसका आदमी देगा।
घर आकर जांच कराने पर वीजा, टिकट और एग्रीमेंट पूरी तरह फर्जी पाए गए। आकाश ने उसके कार्यालय जाकर रुपये वापस मांगे तो वह टालमटोल करता रहा। 5 अगस्त 2026 को दोबारा रुपये मांगने पर अवधेश कुमार और उसके पिता हीरालाल ने गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। विवेचना पूरी करके जल्द ही आरोप पत्र न्यायालय में जमा कर दिया जाएगा।