मऊ। नगर के सहादतपुरा स्थित क्रिकेट मैदान पर रविवार को खेले गए मैच में सहारा इलेवन गाजीपुर ने चंद्रा एकेडमी आजमगढ़ को तीन विकेट से हराया। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी चंद्रा एकेडमी आजमगढ़ की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 162 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

टीम की ओर से कप्तान सलमान ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 44 रनों की पारी खेली। दीपक यादव ने 24 गेंदों में 32 रन, प्रिंस यादव ने 13 गेंदों में 24 रन और शेखर सुमन ने 11 गेंदों में 23 रनों का तेज योगदान दिया।

सहारा इलेवन गाजीपुर की ओर से गेंदबाजी में सक्षम राय ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि सूरज और प्रभाव कुमार को 1-1 सफलता मिली। गौरव राघव ने भी 4 ओवर में 1 मेडन के साथ मात्र 17 रन खर्च किए।

163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सहारा इलेवन गाजीपुर की शुरुआत थोड़ी लड़खड़ाई, लेकिन मध्यक्रम में चंद्रपाल सैनी ने एक छोर संभाले रखा। चंद्रपाल ने 40 गेंदों पर 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 57 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।

अंतिम ओवरों में सूरज ने 16 गेंदों में 6 चौकों और 1 छक्के की मदद से 30 रनों की आक्रामक पारी खेली, जबकि विकास कुमार ने 16 और यश उपाध्याय ने नाबाद 10 रन बनाकर 18.4 ओवर में 7 विकेट खोकर 166 रन बनाते हुए टीम को 3 विकेट से रोमांचक जीत दिला दी।

चंद्रा एकेडमी आजमगढ़ की तरफ से अभिषेक ने 3.4 ओवर में 47 रन देकर 3 विकेट लिए, वहीं निखिल ने 4 ओवर में मात्र 6 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। दीपक यादव और सूरज यादव के खाते में भी 1-1 विकेट गया।



Source link