मिर्जापुर। झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की 191वीं जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को नगर के आवास विकास कॉलोनी स्थित महारानी लक्ष्मीबाई पार्क में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। नगरपालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने प्रतिमा का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता राष्ट्र सेविका समिति की पूर्वी उत्तर प्रदेश की क्षेत्र प्रचारिका शशि ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का अदम्य साहस, आत्मसम्मान और शस्त्र प्रशिक्षण आज की युवा पीढ़ी और महिलाओं के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने मनु के बचपन से लेकर झांसी की वीरांगना बनने तक के जीवन प्रसंगों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र प्रचारिका शशि, विशिष्ट अतिथि प्रांत व्यवस्था प्रमुख उषा मिश्रा, नगरपालिका अध्यक्ष, जिला संघचालक, जिला प्रचारक और प्रांत कार्यवाहिका ने किया। इस दौरान निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं की विजेता छात्राओं को पुरस्कृत और सम्मानित किया गया। सुंदर मुंदर कॉलेज की छात्राओं ने रानी लक्ष्मीबाई के जीवन और व्यक्तित्व पर आधारित नाटिका प्रस्तुत की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नम्रता मिश्रा ने की। विशिष्ट अतिथि शिप्रा बरनवाल, विभाग कार्यवाहिका संध्या त्रिपाठी, संयोजिका डॉ. बीना सिंह, सह संयोजिका रितु केशरी आदि मौजूद रहीं।



Source link