चालक कार छोड़कर भागा, सैंपल लेने के बाद पनीर नष्ट किया गया
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने अमरोहा गेट पर रविवार की सुबह प्रेस लिखी कार से 5.50 क्विंटल दुर्गंध युक्त पनीर बरामद किया। चेकिंग टीम को देखते ही चालक कार छोड़कर भागने में सफल हो गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि बरामद पनीर किसी अन्य जिले से लाया गया था। इस मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने अमरोहा गेट पर प्रेस लिखी कार को चेकिंग करने के लिए रोका। इस बीच चालक पकड़े जाने के डर से कार छोड़कर मौके से भाग निकला। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने तलाशी के दौरान कार (यूपी21 डीएन 0015) से 5.50 क्विंटल पनीर बरामद किया। पनीर से दुर्गंध आ रही थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामकिशोर ने पनीर का सैंपल लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी का कहना था कि पनीर से गंध आ रही थी। सैंपल लेने के बाद पनीर को खाद्य पदार्थ के रूप में उपयोग के योग्य न मानते हुए उसे समीप के कूड़ाघर के प्लांट में जेसीबी से जमींदोज कराकर निस्तारण कराया। कार को कब्जे में ले लिया गया है। इस मामले में सहायक आयुक्त (खाद्य) राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि सैंपल की रिपोर्ट आने पर कार्रवाई तेज की जाएगी। पनीर के निर्माण और बिक्री में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्र बहादुर यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव कुमार भी मौजूद रहे।
