जहानाबाद। थाना क्षेत्र के ग्राम परेवा वैश्य में गिरवी रखे सोने-चांदी के आभूषण वापस मांगने पर सराफ पर अभद्रता, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। गांव के सात लोगों ने सराफ के खिलाफ थाना जहानाबाद में सामूहिक प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव निवासी शकील अहमद खां, निर्वान सिंह, तारावती, बबलेश कुमार, मुख्तर खां, आबिद खां और समीर खां की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया है कि उन्होंने जरूरत पड़ने पर गांव के सुनार सत्यप्रकाश पुत्र रमेश चंद्र के पास अपने सोने-चांदी के आभूषण गिरवी रखकर रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि जब सभी लोग उधार की रकम वापस कर अपने आभूषण लेने पहुंचे तो सुनार ने जेवर लौटाने से इन्कार कर दिया। आरोप है कि सराफ ने कहा कि लंबे समय तक रुपये इस्तेमाल करने के बदले अब उधार ली गई रकम से दोगुने रुपये अलग से देने होंगे। ऐसा न करने पर जान से मरवाकर शव कहीं फिंकवा देने की धमकी भी दी। आरोप है कि जेवर वापस मांगने जाने पर उनके साथ गालीगलौज और मारपीट की जाती है। तहरीर में यह भी आशंका जताई गई है कि सराफ ने गांव के अन्य लोगों के भी जेवर और रुपये अपने पास रख रखे हैं। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि थाना पुलिस ने मामले में आरोपी सत्यप्रकाश को गिरफ्तार किया है। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
