महराजगंज। मऊ गर्वी स्थित राजकीय बालिका हाईस्कूल में चोरों ने ताला तोड़कर लगभग डेढ़ लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्य पूजा सिंह ने बताया कि 26 नवंबर की रात चोरों ने गेट की कुंडी तोड़कर विद्यालय परिसर में प्रवेश किया। चोरों ने कंप्यूटर लैब से दो कंप्यूटर मॉनिटर, दो सीपीयू, दो यूपीएस, माउस, की-बोर्ड और साउंड सिस्टम चुरा लिए। 27 नवंबर की सुबह नौ बजे जब विद्यालय का गेट खोला गया, तब इस चोरी की घटना का पता चला। चंदापुर थाना प्रभारी सोमपाल गंगवार ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच कराई जा रही है। पुलिस चोरी के संबंध में सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है।
