शाहजहांपुर में एसओजी, सर्विलांस व रोजा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार की सुबह अटसलिया स्थित एक नमकीन फैक्टरी के पास डकैती की योजना बना रहे पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। ये सभी बिहार के गया जिले में एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर लौटे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से लग्जरी कार व चोरी का माल बरामद किया है। आरोपियों पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद वे जिला छोड़ देते थे।

सोमवार को पुलिस लाइन में एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि पकड़े गए लोगों में मदनापुर थाना क्षेत्र के पंखाखेड़ा गांव निवासी मगरूर, मदरी, अबरम, पतले व बदायूं के थाना हजरतपुर क्षेत्र के गढ़िया पैगंबर हर्रिमपुर निवासी राहुल तोमर हैं। आरोपियों के कब्जे से 103 ग्राम पीली धातु, 780 ग्राम सफेद धातु, 6.5 ग्राम स्मैक, अवैध असलहा व कारतूस, नकब लगाने के उपकरण व इनोवा कार बरामद की गई है। ये सभी नमकीन फैक्टरी के पास डकैती की योजना बना रहे थे। एसपी सिटी ने बताया कि मगरूर पर फर्रुखाबाद, हरदोई, मैनपुरी के अलावा शाहजहांपुर के सात थानों में करीब 20 मुकदमे दर्ज हैं।

आरोपी मिदरी पर एटा, फर्रुखाबाद, सीतापुर के अलावा जिले के आठ थानों में करीब 30 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा अबरम पर छह, पतले पर पांच, राहुल पर तीन मुकदमे दर्ज हैं। अब तक की जांच में पता चला है कि एक-दो साल में जिले में कोई चोरी नहीं की। सारी वारदात बाहर करते थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *