उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती परीक्षा के पहले दिन एआई की मदद से 11 संदिग्ध परीक्षार्थियों की पहचान की गई। इनमें से नौ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए एआई तकनीक से लैस निगरानी व्यवस्था लागू की गई। आयोग के सदस्य, सचिव, परीक्षा नियंत्रक और वरिष्ठ अधिकारी कंट्रोल कमांड रूम से लगातार लाइव फीड की निगरानी कर रहे थे। जांच के दौरान 11 संदिग्ध परीक्षार्थी को चिह्नित किया गया। इनमें लखनऊ, बरेली, चित्रकूट, जौनपुर, मिर्जापुर और हाथरस में दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहे नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
वर्ष 2022 में विज्ञापित 3539 पदों के लिए आयोजित इस परीक्षा में कुल 8,68,531 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। पहले दिन आयोजित आठ विषयों की परीक्षा प्रदेश के 36 जनपदों के 500 से अधिक केंद्रों पर संपन्न हुई। इसमें 2,21,489 अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें 45.41 फीसदी महिला और 52.42 फीसदी पुरुष अभ्यर्थी शामिल रहे।
प्रदेश के 36 केंद्रों पर चल रही है परीक्षा
यूपीईएसएससी की ओर से टीजीटी परीक्षा प्रदेश के 36 केंद्रों पर आयोजित की गई है। यह परीक्षा तीन और चार जून को दो-दो पालियों में होगी। परीक्षा की निगरानी के लिए अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। एआई आधारित एकीकृत नियंत्रण कमांड कक्ष से इसकी निगारानी की जा रही है। साथ ही एसटीएफ की टीमें भी परीक्षा को सकुलश संपन्न कराने के लिए अलर्ट मोड में हैं।
परीक्षा के लिए सुबह से ही केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ जुट गई थी। सघन तलाशी के बाद उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। करीब चार वर्ष बाद हो रही टीजीटी 2022 परीक्षा में 8,68,531 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। प्रयागराज समेत प्रदेश के 36 जिलों में 614 केंद्रों पर सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे और 2:30 बजे से 4:30 बजे तक परीक्षा होगी।
