अस्पतालों की व्यस्त दिनचर्या के बीच सर्जन अब अपने लिए भी समय निकालेंगे। खेलकूद प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। एसोसिएशन ऑफ सर्जंस ऑफ इंडिया के बैनर तले एसोसिएशन ऑफ सर्जंस आगरा ने मंगलवार को वजीरपुरा स्थित होटल में राष्ट्रीय सर्जंस वीक का शुभारंभ किया गया। 15 जून तक चलने वाले इस सप्ताह के दौरान चिकित्सा, सामाजिक, खेलकूद, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
अध्यक्ष डॉ. अमित श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन सर्जनों को अपने व्यस्त जीवन से कुछ समय निकालकर एक-दूसरे के साथ जुड़ने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का अवसर प्रदान करेगा। एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि यह सप्ताह सर्जंस को तनावमुक्त वातावरण में समय बिताने का अवसर देगा।
पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुनील शर्मा ने बताया कि 10 जून को रामलाल वृद्धाश्रम में चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा, जबकि 11 जून को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में डॉ. समीर कुमार, डॉ. जगत पाल सिंह, डॉ. राजेश गुप्ता, डॉ. शरद गुप्ता, डॉ. रविंद्र मोहन पचौरी, डॉ. मयंक जैन, डॉ. संदीप गुप्ता, डॉ. उत्कर्ष और डॉ. करन रावत सहित बड़ी संख्या में सर्जन उपस्थित रहे।
ये होंगे प्रमुख कार्यक्रम
10 जून – रामलाल वृद्धाश्रम में चिकित्सा शिविर
11 जून – रक्तदान शिविर एवं स्विमिंग, शतरंज, कैरम, टेबल टेनिस और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं
12 जून – पौधारोपण कार्यक्रम
13 जून – लाइव ऑपरेटिव वर्कशॉप
14 जून – योगा एवं ईवीथान
15 जून – वाकथान एवं कल्चरल नाइट
