आगरा के फतेहाबाद में यमुना नदी पर भोलपुरा के पास बृहस्पतिवार दोपहर निर्माणाधीन पुल के पिलर पर रखते समय गर्डर नीचे गिर गया। करीब 53 मीटर लंबा गर्डर क्रेन स्लिप होने से गिरा। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई है। 50 सेकंड में ही हादसा हो गया। मामले में उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम ने जांच टीम गठित की है, जो हादसे की वजह पता करेगी।
भोलपुरा गांव के पास यमुना नदी पर जिला फिरोजाबाद के गांव रामदासपुरा से फतेहाबाद मार्ग को जोड़ने के लिए पुल निर्माण कार्य चल रहा है। इनमें अब तक 12 गर्डर रखे जा चुके हैं। बुधवार को भी एक गर्डर पिलर पर रखा गया था। बृहस्पतिवार दोपहर ढाई बजे क्रेन की मदद से पिलर पर गर्डर रखा जा रहा था, तभी पहले से रखा गर्डर नीचे गिर गया।
जिस समय हादसा हुआ, उस समय अधिकांश मजदूर खाना खाने गए थे। गर्डर गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सेतु निगम के सुपरवाइजर शिवम चौहान ने बताया कि गर्डर को पिलर पर लकड़ी के गट्टों के सहारे रखा गया था। लकड़ी का गट्टा निकल जाने से गर्डर नीचे गिर गया।
हादसे की सूचना पर राजस्व निरीक्षक जितेंद्र सिंह और हल्का लेखपाल अजय सिंह भी मौके पर पहुंच गए। सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर आरबी दिवाकर ने बताया कि जिस समय गर्डर रखा जा रहा था, उस दौरान क्रेन स्लिप हो गई, जिससे हादसा हुआ। लखनऊ से जांच टीम गठित की गई है। गिरने की वजह से गर्डर में क्रैक आ गया है। इसकी जगह दूसरा गर्डर रखा जाएगा।
