आटा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी नवविवाहिता ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और डराकर शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी करीब तीन माह पहले कालपी निवासी युवक के साथ हुई है। उसका मायका आटा थाना क्षेत्र के एक गांव में है। आरोप है कि मायके के पास रहने वाले अरुण कुशवाहा का उसके घर आना-जाना था। विवाहिता का आरोप है कि करीब चार साल पहले वह किसी काम से अरुण के घर गई थी। उस समय घर में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। आरोप है कि युवक ने उसके साथ जबरदस्ती गलत काम किया और उसका वीडियो बना लिया। जब उसने वीडियो डिलीट करने के लिए कहा तो आरोपी ने उसे धमकाया कि अगर उसने उससे बात करना या मिलना बंद किया तो वीडियो वायरल कर देगा और उसके भाई को नुकसान पहुंचाएगा।