उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री के आह्वान पर दिल्ली से झांसी तक की यात्रा वीआईपी कॉन्वॉय या हवाई मार्ग के बजाय शताब्दी एक्सप्रेस से की।
सफर के दौरान उपमुख्यमंत्री पूरी तरह से सक्रिय नजर आए। उन्होंने यात्रा के समय का सदुपयोग करते हुए समाचारों का विस्तृत अध्ययन किया। देश और उत्तर प्रदेश की समसामयिक घटनाओं, विकास कार्यों और जनता से जुड़े मुद्दों की जानकारी के लिए उन्होंने समाचार पत्र की ख़बरों को गहराई से पढ़ा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ और सादगी के मंत्र को आत्मसात करना हम सभी का कर्तव्य है। जनता के बीच रहकर जो फीडबैक और अपनापन मिलता है, वह अमूल्य है। आज का सफर न सिर्फ सुखद रहा, बल्कि समाचार पत्रों से देश-प्रदेश की विकास यात्रा को और करीब से जानने का अवसर भी मिला।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एक जागरूक जनप्रतिनिधि के लिए हर पल देश-दुनिया की हलचलों से अपडेट रहना बेहद जरूरी है। झांसी स्टेशन पहुंचने पर वह पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों से मिले। इसके बाद वे अपने आगे के तय कार्यक्रमों के लिए रवाना हुए।
