बदायूं के सिविल लाइन क्षेत्र के बजरपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को एक नाग खिड़की पर लिपटा मिला। जहरीले सांप को देखकर छात्रों और शिक्षकों में दहशत फैल गई। विद्यालय प्रशासन ने सपेरे को बुलाकर सांप को सुरक्षित पकड़वाया। प्रधानाध्यापक कंचन ने बारिश के दौरान बच्चों को सांप दिखने पर उससे दूर रहने की सलाह दी। कहा कि ऐसी स्थिति में तुरंत शिक्षकों को सूचित करें।
सुबह विद्यालय के एक कक्ष का दरवाजा खोलने पर सामने वाली खिड़की पर नाग दिखाई दिया। जहरीले सांप को देखते ही शिक्षकों और बच्चों में दहशत फैल गई। एहतियात के तौर पर बच्चों को तत्काल कक्षाओं से सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया। सांप के पास किसी को भी जाने नहीं दिया गया। करीब दो घंटे तक सांप खिड़की पर ही लिपटा रहा। इससे विद्यालय परिसर में भय का माहौल बना रहा।