अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। दीपावली पर लगने वाले अस्थायी पटाखा बाजारों के लिए चिह्नित जगहों का सत्यापन शुरू कर दिया गया है। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम की ओर से इसकी जांच की जा रही है। इसके बाद अस्थायी पटाखा बाजार सजाने की दिशा में कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी।
महानगर में क्षेत्र के हिसाब से अलग-अलग छह स्थानों पर अस्थायी आतिशबाजी बाजार सजाए जाते हैं। धनतेरस से दीपावली तक तीन दिनों के लिए यह बाजार क्राफ्ट मेला ग्राउंड, सीपरी बाजार में सरस्वती इंटर कॉलेज के सामने, प्रेमनगर में सेंट ज्यूड स्कूल के मैदान में, झांसी क्लब के खुले मैदान में, हंसारी सारंध्रा नगर हनुमान मंदिर के पास और बिजौली में ग्राम सैंयर चौराहे के पास यह बाजार संचालित किए जाते हैं। हाल ही में समथर में आतिशबाजी के निर्माण के दौरान हुए धमाके में सात महिलाएं घायल हो गई थीं।
इसके अलावा, पूर्व के वर्षों में भी आगजनी की घटनाएं सामने आई थीं। इसे ध्यान में रखते हुए आतिशबाजी बाजार के लिए सभी चिह्नित छह स्थानों का सत्यापन कराया जा रहा है। इसकी जिम्मेदारी अपर नगर मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी को सौंपी गई है। इस संबंध में जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। सकारात्मक रिपोर्ट आने के बाद चिह्नित स्थानों पर आतिशबाजी बाजार लगाए जाने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर कार्यवाही प्रारंभ की जाएगी।
