झांसी। बबीना के आरा मशीन मोहल्ला निवासी दिनेश कुमार ने (40) पुत्र कालीचरण ने मंगलवार रात घर में फंदा लगा लिया। वह कुछ देर पहले ही मां-बाप से मिलकर लौटा था। फंदे से लटका देख परिजन उसे उतारकर मेडिकल अस्पताल लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने पैसों को लेकर चल रहे पारिवारिक कलह में हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।

दिनेश के पिता कालीचरण बरार के पास दो मकान थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि 2023 में कालीचरण अपना एक मकान 74 लाख रुपये में बेचकर आवास विकास कॉलोनी में जाकर रहने लगे। इकलौते बेटे के नाते दिनेश को भी 34 लाख रुपये दिए थे। इनमें से कुछ पैसों से दिनेश ने आरा मशीन के पास घर बनवा लिया। पत्नी और बच्चों के साथ दिनेश वहां रहने लगा। जीविकोपार्जन के लिए वह लोडिंग गाड़ी चलाता था। मंगलवार शाम वह माता-पिता से मिलने आवास विकास गया था। वहां से करीब 4 बजे चला गया। रात 8 बजे दिनेश ने पिता कालीचरण को फोन करके घर पहुंचने की बात बताई। पिता के मुताबिक दस मिनट बाद ही उसके फंदा लगा लेने की बात बताई गई। परिवार के लोग उसे लेकर मेडिकल अस्पताल पहुंचे। पिता का कहना है कि उनके पहुंचने तक बेटे की मौत हो गई थी। परिजनों के मुताबिक दिनेश ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों को रकम उधार दी थी। वह उनसे अपने पैसे वापस मांग रहा था। इसको लेकर विवाद हो रहा था। उन्होंने इस वजह से हत्या की आशंका जताई। बबीना थाना प्रभारी विनय साहू का कहना है कि युवक के सुसाइड करने की पुष्टि हुई है लेकिन, सुसाइड की ठीक वजह अभी परिजन नहीं बता सके हैं। परिजनों ने तहरीर भी नहीं दी है। मामले की जांच कराई जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें