फतेहपुर। यातायात माह में पुलिस का पूरा फोकस सड़क हादसों को रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर रहेगा। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि जान तो जान होती है, चाहे वह अपराध में जाए या सड़क हादसे में।
अक्तूबर माह में आपराधिक घटनाओं में तीन लोगों की मौत हुई, जबकि सड़क हादसों में 42 लोगों ने जान गंवाई। ऐसे में पूरे माह पुलिस का लक्ष्य हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाना होगा।
यातायात माह का शुभारंभ तांबेश्वर चौराहा पर हुआ। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने लोगों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। इसके बाद डीएम और एसपी ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एनसीसी और विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन से जुड़े स्लोगन लिखी तख्तियों के साथ लोगों को जागरूक किया।
रैली तांबेश्वर चौराहा से शुरू होकर राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में समाप्त हुई। इस मौके पर एएसपी जीपी रॉय, एडीएम विनय पांडेय, सीएमओ डा. यूबी सिंह, सीओ सिटी गौरव शर्मा, सीओ यातायात बृजमोहन राय, सीओ दुर्गेशदीप, एआरटीओ प्रवर्तन प्रतीक मिश्रा, व्यापारी नेता प्रदीप गर्ग, समाजसेवी अशोक तपस्वी, बस एसोसिएशन के अध्यक्ष फरहद अली समेत अन्य नागरिक मौजूद रहे।
आंकड़ों पर एक नजर
वर्ष हादसे मृतक घायल
2024 455 276 238
2025 555 324 289
2026 540 321 275
(नोट : यह आंकड़े पुलिस विभाग के अनुसार हैं)
असावधानी से हुए हादसों की तीन बानगी
केस-1
चौकी में खड़ी कराई बाइक फिर उससे ही हादसा
सदर कोतवाली क्षेत्र में कुछ समय पहले पुलिस ने नशे में बाइक चला रहे एक युवक को पकड़ा था। उसका चालान करने के साथ ही नशे की हालत को देखते हुए बाइक खड़ी करा दी गई। कुछ देर बाद युवक के परिजन पहुंचे और बाइक लेकर घर चले गए। हालांकि कुछ घंटे बाद युवक दोबारा बाइक लेकर घर से निकल पड़ा और हादसे में उसकी मौत हो गई।
केस-2
चालक की लापरवाही से साथी की जान गई
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान नशे में धुत तीन युवक बाइक से जा रहे थे। बाइक चालक हैंडिल छोड़कर वाहन चला रहा था। इसी दौरान आगे चल रही दुर्गा प्रतिमा की ट्रैक्टर-ट्राली से बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। हादसे में बाइक पर बीच में बैठे युवक की मौत हो गई। चालक की लापरवाही और नशे में वाहन चलाने से एक युवक को जान गंवानी पड़ी।
केस-3
गलत दिशा में दौड़ाई पिकअप, दो की मौत
28 अक्तूबर की भोर में एआरटीओ कार्यालय के पास गलत दिशा से आ रही पिकअप की सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस की जांच में सामने आया कि जीएसटी टीम चेकिंग कर रही थी। इससे बचने के लिए चालक ने लखनऊ बाईपास से भिटौरा जाने के लिए पिकअप को गलत दिशा में दौड़ा दिया था।

फोटो-16-फतेहपुर: शहर के तांबेश्वर मंदिर से जागरूकता रैली निकालते बच्च्चे। संवाद– फोटो : सांकेतिक

फोटो-16-फतेहपुर: शहर के तांबेश्वर मंदिर से जागरूकता रैली निकालते बच्च्चे। संवाद– फोटो : सांकेतिक

