Main accused Rishabhs cousin also arrested

मुख्य आरोपी ऋषभ की चचेरी बहन भी गिरफ्तार

लखनऊ। सआदतगंज में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी ऋषभ की चचेरी बहन व 25 हजार की इनामी आरोपी दिव्या को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शनिवार को ही दिव्या के पिता राजेश को गिरफ्तार किया था।


मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। डीसीपी पश्चिम जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, आरोपी दिव्या को दुबग्गा के कूड़ा चौराहा स्थित आईआईएम रोड के पास से गिरफ्तार किया गया। वह फरार थी और मोबाइल फोन भी बंद कर लिया था।

शनिवार को दिव्या के पिता राजेश की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में पुलिस को अहम सुराग मिले। रविवार को लोकेशन ट्रेस कर दिव्या को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया था कि दिव्या ने मुख्य आरोपी ऋषभ को पिस्तौल की मैगजीन लाकर दी थी। पुलिस इसका पता लगा रही है कि ऋषभ के पास पिस्तौल कहां से आई थी।

बता दें कि 26 अक्तूबर को नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला में पार्किंग के विवाद में ऋषभ ने शिवाजी, उनके बेटे सुयश और भाई शंभू तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मौके से ऋषभ को गिरफ्तार कर लिया था। राजेश शुक्ला उर्फ तुन्नू बाबू, ऋषभ शुक्ला, गिरीश शुक्ला, दिनेश शुक्ला, मुन्ना बाबू, दिव्या, प्रिया और अदिति के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी।



Source link