फिल्म अभिनेता अनुपम खेर ने राम मंदिर से जुड़े हालिया चोरी प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी एक व्यक्ति के गलत कृत्य से मंदिर की गरिमा और श्रद्धालुओं की आस्था पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। अयोध्या में अपनी नई फिल्म श्री राम भूमि की शूटिंग शुरू करने से पहले हनुमानगढ़ी और रामजन्मभूमि में दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि घर में चोरी होने पर लोग चोर को कोसते हैं, घर को नहीं।
उन्होंने कहा कि जिस राम मंदिर के निर्माण के लिए सदियों का संघर्ष हुआ, उसकी प्रतिष्ठा कुछ लोगों की गलत हरकतों से कम नहीं हो सकती। गलत काम करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन मंदिर, भगवान श्रीराम और सनातन धर्म को इससे जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। अनुपम खेर ने कहा कि दान श्रद्धा और विश्वास का विषय है। किसी घटना के कारण लोगों की आस्था डगमगानी नहीं चाहिए। उन्होंने बताया कि उनकी नई फिल्म श्री राम भूमि” की शूटिंग अयोध्या में 10 से 12 दिनों तक चलेगी और इसकी शुरुआत भगवान श्रीराम व हनुमान जी के आशीर्वाद से की गई है।
