आगरा के कागारौल थाना क्षेत्र के अकोला में बीती रात चोरों ने ज्वेलर्स की दुकान समेत तीन दुकानों और सड़क किनारे रखे लकड़ी के दो खोखों को निशाना बनाकर पुलिस को चुनौती दी। चोरों ने ज्वेलर्स की दुकान को पीछे से तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद आरके डिजिटल स्टूडियो एवं मोबाइल कम्युनिकेशन के ताले तोड़कर लैपटॉप, मोबाइल समेत अन्य सामान तथा टीएम मोबाइल की दुकान का शटर तोड़कर मोबाइल, डीजे बॉक्स, नेकबैंड सहित कीमती सामान चोरी कर लिया।


 करीब आधा किलोमीटर दूर मैरिज होम के सामने रखे दो खोखों के ताले तोड़कर चोर गुटखा, तंबाकू और सिगरेट भी ले गए। चोरी के सामान को खेतों में ले जाकर खंगालने के बाद खाली बॉक्स वहीं छोड़कर चोर आसानी से फरार हो गए। ज्वेलर्स आजाद खान ने बताया कि उनकी दुकान में इससे पहले 20 अगस्त को भी नकब लगाकर चोरी की गई थी।

एक ही रात में लगातार हुई चोरी की वारदात से व्यापारियों में दहशत और रोष है। व्यापारियों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बताया कि यदि पुलिस नियमित गश्त कर रही है तो चोरों को इतनी देर तक दुकानों के ताले तोड़ने और सामान समेटने का मौका कैसे मिला। उनका आरोप है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से पुलिस के गश्त संबंधी दावों की पोल खुल रही है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई। व्यापारियों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्धों पर नजर रखने और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *