सीएसजेएमयू से संबद्ध महाविद्यालयों में दाखिले के इंतजार में बैठे हजारों छात्रों को राहत मिल गई है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने समर्थ पोर्टल पर डब्ल्यूआरएन (वेब रजिस्ट्रेशन नंबर) की प्रक्रिया बुधवार से चार दिन के लिए खोल दी है। अब छात्र 19 सितंबर तक डब्ल्यूआरएन जनरेट कराकर कॉलेजों में दाखिला ले सकेंगे।

समर्थ पोर्टल पर डब्ल्यूआरएन की प्रक्रिया 31 अगस्त को बंद कर दी गई थी। कॉलेजों ने छात्रों को दाखिला दे दिया था, लेकिन डब्ल्यूआरएन नहीं बन पाने के कारण उनका प्रवेश विश्वविद्यालय की प्रक्रिया में दर्ज नहीं हो पा रहा था। कई महाविद्यालयों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से पोर्टल दोबारा खोलने की मांग की थी। कॉलेज प्रबंधकों का कहना था कि बड़ी संख्या में छात्र दाखिले से वंचित रह गए हैं।

अमर उजाला में बुधवार को ‘पोर्टल बंद होने से हजारों छात्रों के दाखिला अटका’ शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले में राहत दी है। विश्वविद्यालय ने अब चार दिन के लिए दाखिले की प्रक्रिया बढ़ा दी है। उत्तर प्रदेश स्ववित्तपोषित एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय त्रिवेदी ने कहा कि विवि ने छात्र हित में फैसला लिया है। अब 19 सितंबर तक दाखिला ले सकते हैं।

अक्तूबर-नवंबर तक बढ़ती रही है तारीख

सीएसजेएमयू और संबद्ध महाविद्यालयों में दाखिले के लिए समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण और डब्ल्यूआरएन जरूरी है। पिछले वर्षों में कॉलेजों की मांग पर दाखिले की अंतिम तिथि कई बार बढ़ाई जाती रही है और प्रक्रिया अक्तूबर-नवंबर तक चलती रही है। इस बार कुलाधिपति के निर्देश के बाद दाखिले की प्रक्रिया के लिए निश्चित समय सीमा रखने और बार-बार तारीख नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया गया था। 31 अगस्त के बाद पोर्टल बंद होने से बड़ी संख्या में छात्र दाखिले से बाहर हो गए थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें