रामपुरा (जालौन)। नगर के महाराणा प्रताप चौक पर हल्की बारिश के बाद ही जलभराव की समस्या गंभीर रूप धारण कर लेती है। शनिवार को हुई रिमझिम बारिश के बाद चौक तालाब में तब्दील हो गया, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा सड़क का चौड़ीकरण तो करा दिया गया, लेकिन बंगरा-जगम्मनपुर मार्ग से जोड़ने के लिए आवश्यक एजिंग (किनारे का निर्माण) नहीं कराई गई। इसी कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है और पूरे चौक में जलभराव की स्थिति बन जाती है।
दुकानदारों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार पीडब्ल्यूडी के जूनियर इंजीनियर (जेई) से शिकायत की गई। हर बार समस्या के समाधान का आश्वासन मिला, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिणामस्वरूप थोड़ी सी बारिश में ही सड़क तालाब जैसी दिखाई देने लगती है।
जलभराव के कारण दुकानों तक ग्राहकों का पहुंचना मुश्किल हो जाता है। वहीं आसपास रहने वाले बच्चे, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालकों को पानी और कीचड़ के बीच से निकलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार फिसलकर गिरने की घटनाएं भी हो चुकी है।
नगरवासियों ने लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि महाराणा प्रताप चौक पर एजिंग एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था शीघ्र कराई जाए, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके और आवागमन सुचारु रूप से संचालित हो सके।
