आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र में लेन-देन के विवाद में प्रॉपर्टी डीलर और उनके साथी को कार में डालकर ले जाने के बाद पिटाई लगाई गई। थाने ले जाकर मेडिकल कराया। कोरे कागज पर हस्ताक्षर कराने के बाद रात में छोड़ दिया। अब प्रॉपर्टी डीलर ने वीडियो वायरल कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
ये भी पढ़ें – UP: लोहे के पाइप से फाड़ दिया सिर, बेरहमी से किया आयुर्वेद डॉक्टर का कत्ल; दोषी को कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद
पूनम विहार कालोनी, थाना एकता निवासी रवि यादव का पंचवटी काॅलोनी के सामने ऑफिस है। उन्होंने बताया कि 21 जून की रात 11:30 बजे ऑफिस के बाहर कार में कुछ युवक आए। दो युवक खुद को भाजपा नेता बताने लगे। इनमें से एक युवक पर उनके रुपये थे। उस युवक ने बकाया रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद चले गए। कुछ देर बाद दो गाड़ियों में फिर पहुंच गए। उनके साथ कुछ पुलिसकर्मी भी थे। वह उन्हें कार में ले जाने का प्रयास करने लगे।
ये भी पढ़ें – UP: गड्ढों के बीच जिंदगी का सफर, सीएम ग्रिड निर्माण में सुरक्षा इंतजाम नदारद; डेढ़ किलोमीटर तक धूल का गुबार
रवि यादव का आरोप है कि उन्हें और परिचित भुवन यादव को कार में बैठा लिया। एक स्थान पर ले जाकर पिटाई लगाई। उधर, घटना की जानकारी पर परिचितों ने 112 पर कॉल कर दी। इस पर कार सवार उन्हें बसई पुलिस चौकी पर ले गए। बाद में थाना ताजगंज ले जाकर मेडिकल कराया। रात 3 बजे एक कागज पर हस्ताक्षर कराकर छोड़ दिया। पीड़ित ने वीडियो वायरल किए हैं। एक वीडियो में कार सवार लोगों से बहस होती दिख रही है। वहीं दूसरे में वो अपनी चोट दिखा रहा है। उधर, मामले में डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि दोनों युवक शराब पीकर गालीगलौज कर रहे थे। दोनों को थाने लेकर आए थे। बाद में मेडिकल कराया गया। इसमें शराब की पुष्टि हुई। निरोधात्मक कार्रवाई के बाद उन्हें परिजन के सुपुर्द किया गया।
ये भी पढ़ें – UP: आगरा में कोचिंग के बेसमेंट में हुआ शॉर्ट सर्किट, धुआं उठते ही मची अफरा-तफरी; सड़क पर दौड़े छात्र-छात्राएं