राजधानी लखनऊ में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की उपस्थिति में राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर शुक्रवार को समरसता सेवा संस्थान व घुमंतू जनजाति परिषद द्वारा घुमंतू जनजाति की महिलाओं का जनभवन में सम्मान किया गया। सिलाई व कढ़ाई प्रशिक्षण पूरा करने वाली महिलाओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
राज्यपाल ने महिलाओं द्वारा बनाए उत्पादों की प्रदर्शनी देखी व उनके हुनर और रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने महिलाओं को 10 सिलाई मशीनें भी दी। महिलाओं से कहा कि उन्हें जो भी हुनर सिखाया जाए, उसे पूरी लगन और मेहनत से सीखें तथा उसमें दक्षता हासिल करें।
राज्यपाल ने कहा कि इस समाज के पात्र लोगों को भूमि के पट्टे, आवास तथा शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का लाभ भी दिया जा रहा है। घुमंतू व वंचित समुदाय के ऐसे लोगों की सूची तैयार की जाए, जिन्हें अभी तक विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है। ग्राम प्रधान इस संबंध में पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार कर डीएम व राज्यपाल कार्यालय को भी भेजें। ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।
