लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र के रायपुर गांव में भैंसों को तालाब में नहलाने को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर कई लोगों को गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। एक पक्ष ने जातिसूचक गालियां देने के साथ आठ हजार रुपये और अंगूठी छीनने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने घर में घुसकर ईंट-पत्थर बरसाने और परिवार के सदस्यों को पीटने की शिकायत की है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर हत्या के प्रयास, बलवा और एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। इस मामले में कुल 16 नामजद और 20 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। रायपुर निवासी विनोद कुमार के मुताबिक, सात नवंबर की शाम करीब चार बजे वह सूर्यनारायण सिंह यादव के यहां शटरिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे विलाल ने उन्हें जातिसूचक गालियां देते हुए अपशब्द कहे। आरोप है कि विरोध करने पर विलाल ने अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में कामिल, विलाल, साहिल, अयाज, फैसल, ननकू, मुस्ताक, सद्दाम और मोबीन समेत 15-16 लोग वहां पहुंच गए और सभी ने उन्हें घेरकर लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर जब उनके भाई बचाने पहुंचे, तो हमलावरों ने उन्हें भी पीट दिया।
विनोद के सिर पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे वह बेहोश हो गए। होश आने पर उनकी अंगूठी और जेब में रखे करीब आठ हजार रुपये गायब मिले। वहीं, दूसरे पक्ष के साहिल ने बताया कि वह मूलरूप से उसरना (इटौंजा) का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर में परिवार के साथ रहकर दूध का कारोबार करता है। सात नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे वह अपनी भैंसों को रायपुर के तालाब में नहलाने ले गया था, जहां छोटू और उसके साथियों से उसकी कहासुनी हो गई थी।
आरोप है कि इसके करीब आधे घंटे बाद छोटू, उसकी पत्नी, मां और दो भाइयों के साथ-साथ रामस्वरूप, खेउवा, कौशल और अतुल समेत 15-20 लोग उसके घर पहुंच गए। हमलावरों ने पहले ईंट-पत्थर फेंके और फिर घर में घुसकर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया।इस हमले में साहिल, उसके भाई विलाल व कामिल, मां सईदुन तथा चाचा रिजवान गंभीर रूप से घायल हो गए। साहिल के मुताबिक, हमले में परिवार के कई सदस्यों के सिर फट गए और काफी खून बहा। झगड़े के दौरान उसकी मां के कान के सोने के टॉप्स भी कहीं गिर गए।
आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।एसीपी अलीगंज शशि प्रकाश मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर हत्या के प्रयास, बलवा और एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले में 16 नामजद और 20 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।

