आगरा। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए दिवाली से पहले जिले में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की राजनीतिक सक्रियता बढ़ गई है। भाजपा के ब्रज क्षेत्र कोषाध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल ने आगरा उत्तरी विधानसभा सीट और पूर्व सांसद प्रभु दयाल कठेरिया ने छावनी विधानसभा सीट से अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।
खुद को जमीनी नेता बताते हुए दोनों नेताओं का कहना है कि वे संगठन की भट्ठी में तपकर निकले हैं और वर्षों की निष्ठा के दम पर अपनी दावेदारी रख रहे हैं। वीरेंद्र अग्रवाल ने शनिवार को आवास विकास में आयोजित एक समारोह में पत्रक का विमोचन कर केंद्र व प्रदेश सरकार की जनोपयोगी योजनाओं की जानकारी दी। उत्तरी विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी का औपचारिक एलान किया।
स्पष्ट किया कि इस पत्रक के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक और धरातल तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। पिछले 30 वर्षों से भाजपा संगठन में विभिन्न पदों पर रहकर सेवा दे रहे वीरेंद्र अग्रवाल का मानना है कि पार्टी हाईकमान का निर्णय उनके लिए सर्वोपरि है। यदि संगठन उन्हें मौका देता है तो वे भारी बहुमत से जीत दर्ज कराएंगे। समारोह के दौरान पवन सिंघल, दिनेश द्विवेदी, विनोद सारस्वत, श्याम चावला, निक्की बंसल व अन्य मौजूद रहे। वहीं, पूर्व सांसद कठेरिया ने कहा कि वह संगठन के पक्के सिपाही हैं। पार्टी ने जब जो कहा, वह किया। विश्वास जताया कि पार्टी उनका संरक्षण जरूर करेगी।

