बकेवर। जनगणना के तहत मकानों की सूची तैयार करने, जरूरी आंकड़े जुटाने और उनके सत्यापन में लापरवाही न बरतें। सभी प्रगणक और सुपरवाइजर निर्धारित समय सीमा के भीतर जिम्मेदारी से कार्य पूरा करें। यह निर्देश नगर पंचायत लखना के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने दिए।
बैठक में उपजिलाधिकारी भरथना आईएएस काव्या सी, नगर पंचायत लखना की प्रभारी ईओ आईएएस कोमल पूनियां और जिला जनगणना प्रभारी पुलकिता शर्मा ने जनगणना की तैयारियों और अब तक हुए कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने ब्लॉक और वार्ड स्तर पर मकानों की सूची तैयार करने, आवश्यक आंकड़े एकत्र करने और उनका सत्यापन करने की प्रगति जानी।
उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य महत्वपूर्ण है। इसमें जुटाए जाने वाले आंकड़ों की शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी स्तर पर त्रुटि मिलने पर संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय हो सकती है। इसलिए सभी कर्मचारी समय सीमा का पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ काम करें। बैठक में फील्ड में काम कर रहे प्रगणकों और सुपरवाइजरों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई।
अधिकारियों ने उनके समाधान के लिए दिशा-निर्देश दिए और आपसी समन्वय से काम करने को कहा। इस दौरान लेखपाल राहुल चौबे, सुपरवाइजर शाहिद जमाल, रघुवीर सिंह, शिवकुमार, कुलवंत सिंह, नगर पंचायत के लिपिक उपेंद्र सिंह, रोहित सिंह सहित प्रगणक मौजूद रहे।

