सीतापुर। यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा-कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे की कवायद तेज है। पहले चरण में कांग्रेस को 26 सीटें दिए जाने की चर्चा के बीच सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर के बयानों में सीटों के बंटवारे पर नाराजगी के साथ ही कांग्रेस की बदलती चुनावी रणनीति पर तंज नजर आया।सांसद राकेश राठौर ने दो टूक कहा कि गठबंधन और सीटों के बंटवारे का फैसला बड़े और अनुभवी नेता कर रहे हैं लेकिन उन्हें इस पूरी प्रक्रिया से बाहर रखा गया है। जिले की सीटों को लेकर न तो उनसे कोई राय मांगी गई और न ही कोई प्रस्ताव लिया गया। उन्होंने कहा कि जब उनसे पूछा ही नहीं गया तो वह अपनी तरफ से प्रस्ताव किसे और कैसे देते।
कांग्रेस की चुनावी तैयारियों पर राकेश राठौर ने कहा कि पार्टी के प्रभारी ने पहले 200 प्लस सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान किया था, लेकिन अब इससे कम सीटें दिए जाने की बात सुनने को मिल रही है। हालांकि उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी तैयारियों के मुताबिक चुनाव मैदान में उतरना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश की 15 से 20 विधानसभा सीटों पर मजबूत कार्यकर्ताओं को चिह्नित कर उन्हें चुनाव के लिए तैयार किया था। इस दौरान करीब 100 बड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 3 हजार से लेकर 7-8 हजार तक लोग जुटे।
सीतापुर सदर सीट से अपने बेटे को चुनाव लड़ाने और टिकट न मिलने की स्थिति पर सांसद राकेश राठौर ने कहा कि वह परिवार के लिए नहीं, बल्कि जनता के लिए राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि उनका मकान सांसद या विधायक के नाम से नहीं, बल्कि जनता के बीच संघर्ष और जनसेवा से पहचाना जाना चाहिए। जब तक शरीर में ताकत रहेगी, वह जनता के लिए काम करते रहेंगे और परिवार के अन्य सदस्य भी जनसेवा में लगे रहेंगे।
नौ विधानसभा सीटों पर सपा की मजबूत दावेदारी : शमीम
सीतापुर। सीतापुर में समाजवादी पार्टी ने सभी नौ विधानसभा सीटों पर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। सपा जिलाध्यक्ष शमीम कौसर सिद्दीकी ने दावा किया कि जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी का संगठन पूरी मजबूती के साथ चुनावी तैयारी में जुटा है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता, बूथ स्तर के पदाधिकारी, विधानसभा अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता और संगठन के सभी सदस्य पूरी मुस्तैदी और ईमानदारी से चुनावी तैयारियों में लगे हुए हैं। संगठन हर विधानसभा क्षेत्र में अपनी मजबूती के साथ खड़ा है। कांग्रेस की ओर से जारी 181 सीटों की सूची में सीतापुर की छह विधानसभा सीटों के नाम शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस गठबंधन और सीटों के बंटवारे का निर्णय राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। सपा जिलाध्यक्ष ने वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय पार्टी ने जिले की नौ में से सात सीटों पर जीत दर्ज की थी।
