आगरा। दिवाली और छठ पर बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों को रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा दी है। साबरमती से मुजफ्फरपुर के बीच चलने वाली पूजा स्पेशल ट्रेन ईदगाह स्टेशन पर रुकेगी। नवंबर में इस ट्रेन का आगरा में दो दिन ठहराव होगा। वापसी में भी दो दिन ट्रेन ईदगाह स्टेशन पर रुकेगी। इससे यात्रियों को मुजफ्फरपुर, छपरा, बलिया और वाराणसी की ओर जाने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि गाड़ी संख्या 09473-09474 साबरमती-मुजफ्फरपुर-साबरमती विशेष ट्रेन का संचालन निर्धारित तिथियों में किया जाएगा। दोनों दिशाओं में ईदगाह स्टेशन पर पांच मिनट का ठहराव दिया गया है। उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 09473 साबरमती-मुजफ्फरपुर पूजा स्पेशल सात और 14 नवंबर (शनिवार) को सुबह 9:39 बजे ईदगाह स्टेशन पहुंचेगी। यहां पांच मिनट रुकने के बाद 9:44 बजे रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन 10:44 बजे टूंडला पहुंचेगी। आगे कानपुर, प्रयागराज छिवकी, बनारस, बलिया, छपरा और हाजीपुर होते हुए सुबह 4:30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।
वापसी में रात 2:24 बजे पहुंचेगी ईदगाह
गाड़ी संख्या 09474 मुजफ्फरपुर-साबरमती पूजा स्पेशल नौ और 16 नवंबर (सोमवार) को रात 2:24 बजे ईदगाह स्टेशन पहुंचेगी। यहां पांच मिनट ठहरने के बाद रात 2:29 बजे रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन 3:14 बजे अछनेरा और 3:46 बजे भरतपुर पहुंचेगी। आगे जयपुर, अजमेर और मारवाड़ होते हुए शाम 5 बजे साबरमती पहुंचेगी। संवाद

