आगरा। दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे ने 29 और स्पेशल ट्रेनें बढ़ा दी हैं। पहले से 42 स्पेशल ट्रेनों का संचालन हो रहा था, अब इनकी संख्या 71 हो गई है। ये ट्रेनें कुल 673 फेरे लगाएंगी। आगरा कैंट, आगरा फोर्ट, ईदगाह, मथुरा जंक्शन और धौलपुर स्टेशनों पर इनके ठहराव से यात्रियों को विभिन्न शहरों तक पहुंचने के अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।
आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि त्योहारों पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विशेष ट्रेनों के साथ कुछ नियमित ट्रेनों का विस्तार भी किया जा रहा है। दिल्ली, मुंबई, सूरत, अहमदाबाद, पटना, बनारस, कोलकाता और जोधपुर समेत कई शहरों के लिए अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
इन ट्रेनों का किया जा रहा संचालन
खजुराहो-निजामुद्दीन, निजामुद्दीन-खजुराहो, खजुराहो-उदयपुर सिटी, उदयपुर सिटी-खजुराहो, आगरा-कोलकाता, कोलकाता-आगरा, खजुराहो-रायपुर, रायपुर-खजुराहो और हावड़ा की ओर जाने वाली ट्रेनें शामिल हैं। ईदगाह से वडोदरा-गोरखपुर, गोरखपुर-वडोदरा, गोंडा-बलिया, बलिया-गोंडा, साबरमती-प्रयागराज, सूबेदारगंज-बलिया, बलिया-सूबेदारगंज, उधना-लालकुआं और लालकुआं-उधना स्पेशल ट्रेनें चल रही हैं।
होल्डिंग एरिया में बैठेंगे यात्री
आगरा कैंट पर होल्डिंग एरिया बनाया गया हैं, ताकि प्लेटफाॅर्म पर भीड़ न बढ़े। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और आरपीएफ की शिफ्टवार तैनाती की गई है। पीए सिस्टम से ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान और प्लेटफार्म परिवर्तन की सूचना दी जा रही है।

