लखनऊ। डाक सेवाओं से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के लिए शुक्रवार को न्यू हैदराबाद स्थित प्रवर डाक अधीक्षक कार्यालय में डाक अदालत लगाई गई, लेकिन फरियादी ही नहीं पहुंचे। अधिकारी तय समय तक बैठे रहे, मगर एक भी शिकायतकर्ता नहीं आया। ऐसे में डाक अदालत बिना किसी शिकायत के ही खत्म हो गई।

डाक विभाग ने इस अदालत में लखनऊ मंडल के लोगों को डाक सेवाओं से जुड़ी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रखने का मौका दिया गया था। इसमें स्पीड पोस्ट, पार्सल, मूल्य देय (वीपी), धनादेश, बचत बैंक और डाक जीवन बीमा से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण किया जाना था। डाकघरों के कामकाज, कर्मचारियों की समस्याओं और शिकायतों को भी अदालत में रखने की व्यवस्था थी।

प्रवर डाक अधीक्षक आयुष अत्री का कहना है कि त्योहारों के चलते संभव है कि कई लोग शहर से बाहर हों, इसलिए अदालत में कोई नहीं पहुंचा। विभाग जल्द ही दोबारा डाक अदालत लगाएगा। इसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।



Source link