आगरा के फतेहाबाद में थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव रामपुर में सोमवार शाम दलित समाज की बरात निकालने पर विवाद हो गया। बरात परंपरागत मार्ग के बजाय नए मार्ग से आ रही थी। इस पर गांव के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। बराती आक्रोशित हो गए। सूचना पर कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया। तीन घंटे बाद शांतिपूर्वक बरात संपन्न कराई। गांव में एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव रामपुर निवासी गुरचरण सिंह वाल्मीकि की बेटी जसोदा की सोमवार को शादी थी। घर के बाहर ही पंडाल सजाया गया था। बिचपुरी के गांव सैता निवासी जितेंद्र पुत्र सोहन बरात लेकर आया था। सोमवार शाम करीब सात बजे बरात चढ़ाने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान पूर्व निर्धारित परंपरागत मार्ग के बजाय दूसरे मार्ग से बरात निकालने की तैयारी की गई। बताया गया कि परंपरागत मार्ग पर एक परिवार में गमी होने के कारण बरात का मार्ग बदल दिया गया था।