स्कूटी और बाइक की टक्कर के बाद हुए विवाद में दर्जनभर लोगों ने गल्ला व्यापारी और उसके दो परिजनों की डंडों व कुल्हाड़ी से पिटाई कर दी। तीनों घायल हो गए। व्यापारी ने हमलावरों पर नौ लाख रुपये नकद और सोने की चेन लूटने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल व्यापारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खुटला रहुनिया निवासी गल्ला व्यापारी सुनील कुमार (45) सोमवार रात मंडी से स्कूटी से घर लौट रहे थे।
मोहल्ले के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी स्कूटी की टक्कर हो गई। इसे लेकर बाइक सवार से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि कुछ देर बाद बाइक सवार के करीब दर्जनभर साथी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सुनील पर डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। शोर सुनकर उनकी बेटी और छोटा भाई बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनकी भी पिटाई कर दी। मारपीट में तीनों घायल हो गए।
सुनील का आरोप है कि वह कारोबार के सिलसिले में बैंक से नौ लाख रुपये निकालकर बैग में रखकर ले जा रहे थे। हमलावर मारपीट के दौरान नकदी से भरा बैग और सोने की चेन ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। एसपी पलाश बंसल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद में मारपीट का लग रहा है। लूट का आरोप सही नहीं प्रतीत हो रहा है। जांच के बाद मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।