फतेहपुर। जालौन के कालपी तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की हत्या के विरोध में बुधवार को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर हत्याकांड का जल्द पर्दाफाश करने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और प्रदेश में अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने की मांग की।

डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के महामंत्री अनुराग नारायण उर्फ पुत्तन मिश्र के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि 31 अक्तूबर को गयादीन अहिरवार की हत्या से अधिवक्ता समाज आहत और आक्रोशित है। अधिवक्ताओं ने दिवंगत के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने के साथ ही परिजन को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।

महामंत्री अनुराग नारायण ने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संरक्षण अधिनियम जल्द लागू किया जाए। मांगों पर गंभीरता से विचार कर कार्रवाई नहीं की गई तो बार एसोसिएशन के नेतृत्व में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

इसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष हंसराज सिंह, सुशील मिश्र, हितेंद्र सिंह, मणि प्रकाश दुबे, प्रेमशंकर त्रिवेदी, गया दुबे, आशीष गौड़, श्रीराम पटेल, अशोक शुक्ल, सुनील बाजपेयी, बृजेश चंद्र बाजपेयी सहित सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे।

फोटो-37-फतेहपुर:- प्रदर्शन कर कलक्ट्रेट पहुंचे अधिवक्ता। संवाद

फोटो-37-फतेहपुर:- प्रदर्शन कर कलक्ट्रेट पहुंचे अधिवक्ता। संवाद– फोटो : Archive



Source link

अभी अभी की खबरें