फतेहपुर। ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी बच्चों को मुफ्त आवासीय शिक्षा का अवसर देने के लिए विद्याज्ञान स्कूल की प्रवेश परीक्षा 29 नवंबर को आयोजित की जाएगी। शिव नादर फाउंडेशन की ओर से संचालित बुलंदशहर और सीतापुर स्थित विद्याज्ञान स्कूल में कक्षा छह से 12 तक निशुल्क शिक्षा दी जाती है। जिले से प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 1563 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है।

जिला समन्वयक प्रशिक्षण अशोक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा के लिए जिले में तीन केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें राजकीय इंटर कॉलेज जीटी रोड आबूनगर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बिंदकी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय इंटर कॉलेज ऐलई, खागा शामिल हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी।

पहली पाली में बालिकाएं और दूसरी पाली में बालक परीक्षा देंगे। कुल आवेदकों में 959 छात्राएं और 604 छात्र शामिल हैं। सबसे अधिक 246 आवेदन मलवां विकासखंड से आए हैं। इनमें 149 बालिकाएं और 97 बालक हैं। चयनित विद्यार्थियों को विद्याज्ञान स्कूल में कक्षा छह से 12 तक निःशुल्क आवासीय शिक्षा प्रदान की जाएगी।



Source link