बस्ती। सहालग की शुरुआत के साथ ही बाजार में शादियों की खरीदारी ने रफ्तार पकड़ ली है। सोने-चांदी की कीमतों में नरमी से सराफा बाजार की चमक बढ़ी है तो कपड़े, बर्तन और गिफ्ट की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। गांधीनगर, मंगल बाजार और पांडेय बाजार समेत शहर के प्रमुख बाजारों में रविवार को दिनभर रौनक रही।
शादी की तैयारियों में जुटे लोग बजट के मुताबिक गहने, कपड़े और उपहार खरीदते नजर आए। ग्राहकों की भीड़ का असर यातायात पर भी पड़ा।
कई प्रमुख मार्गों पर वाहन रेंगते रहे। कपड़ा व्यापारी प्रह्लाद मोदी ने बताया कि शादी-ब्याह का सीजन शुरू होने से लहंगा, साड़ी और सूट की मांग बढ़ी है। खासकर वेस्टर्न और जोधपुरी सूट पसंद किए जा रहे हैं। ये तीन से पांच हजार रुपये तक में उपलब्ध हैं। सराफा कारोबारी गौरव भारत ने बताया कि सोने-चांदी की कीमतों में कमी आने से ग्राहकों ने खरीदारी में दिलचस्पी दिखाई है।
सोना 1.27 लाख रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 1.53 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रही। ग्राहक हल्के और डिजाइनर गहनों के साथ वजनी आभूषणों के ऑर्डर भी दे रहे हैं। बर्तन व्यापारी गिरधारी ने बताया कि शादी के लिए बर्तन सेट और गिफ्ट आइटम की मांग बढ़ी है। लोग आकर्षक डिजाइन वाले बर्तनों को पसंद कर रहे हैं।
ग्राहक अजय ने बताया कि शादी के लिए गिफ्ट और सजावट का सामान बाजार में आसानी से मिल रहा है। वहीं, अनिल ने बताया कि उनके घर में भाई की शादी है। इसके लिए बाजार से जरूरी सामान की खरीदारी की है। इससे कारोबारी बेहतर कारोबार के उम्मीद में हैं।्
