सैफई। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच वायरल बुखार और सर्दी-जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। सोमवार को उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस) की ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ रही। करीब 3600 मरीज इलाज के लिए ओपीडी पहुंचे। इनमें सबसे अधिक संख्या वायरल संक्रमण से पीड़ित मरीजों की रही। सुबह से ही ओपीडी पंजीकरण काउंटर और विभिन्न विभागों के बाहर मरीजों की कतार लगी रही।

बुखार, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, बदन दर्द और कमजोरी की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में मरीज चिकित्सकों के पास पहुंचे। वायरल के मरीज बढ़ने से मेडिसिन विभाग में भी काफी भीड़ रही। फिजीशियन डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि मौसम में बदलाव के दौरान वायरल संक्रमण तेजी से फैल सकता है। ऐसे में लोगों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें और जरूरत होने पर मास्क का प्रयोग करें। हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोते रहें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।

डॉक्टरों ने सलाह दी कि बुखार या अन्य लक्षण होने पर बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक या अन्य दवाएं न लें। पर्याप्त आराम करें और पौष्टिक भोजन लें। तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी, लगातार उल्टी या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी बीमारी से पीड़ित लोगों में लक्षण दिखने पर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। संवाद



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *