हसवा। कस्बे के बस स्टाप स्थित स्टेट बैंक की शाखा में बृहस्पतिवार को नकदी जमा करने को लेकर जमकर विवाद हुआ। डेढ़ लाख रुपये जमा करने के बावजूद खाते में केवल 75 हजार दर्ज होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीण ने हंगामा किया। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी।
बाजार मोहल्ला निवासी शेर सिंह पत्नी चित्रलेखा के साथ बैंक पहुंचे थे। शेर सिंह का आरोप है कि उन्होंने खाते में जमा करने के लिए कैशियर को डेढ़ लाख रुपये दिए थे, लेकिन कैशियर ने केवल 75 हजार रुपये मिलने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
पीड़ित ने बैंक कर्मी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए हसवा चौकी में शिकायत दर्ज कराई। जानकारी मिलते ही करीब 24 ग्रामीण बैंक के बाहर एकत्र हो गए और हंगामा करने लगे। चौकी प्रभारी अंबरीश मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिली है। बैंक के सीसीटीवी फुटेज से जांच की जा रही है।
शाखा प्रबंधक शुभम सागर ने आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि उपभोक्ता ने डेढ़ लाख रुपये नहीं, बल्कि केवल 75 हजार रुपये ही जमा करने के लिए दिए थे। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

