किसान से निजी नलकूप के कनेक्शन और ट्रांसफार्मर के लिए विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता (जेई) को भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने 22 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार कर लिया। उसे बघौली थाने ले जाया गया है। यहां उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।


बघौली थाना क्षेत्र के बम्हनाखेड़ा निवासी मुस्तकीम खेती करते हैं। मुस्तकीम को खेत में नलकूप के लिए बिजली का कनेक्शन और ट्रांसफार्मर की जरूरत थी। उन्होंने ऑनलाइन आवेदन भी किया था। इसके बावजूद लंबे समय से उन्हें न तो कनेक्शन मिल पा रहा था और न ही ट्रांसफार्मर। आरोप है कि मुस्तकीम ने कराही विद्युत उपकेंद्र के जेई पवन कुमार वर्मा से संपर्क किया।

उन्नाव की आवास विकास काॅलोनी निवासी पवन वर्मा ने मुस्तकीम से कनेक्शन और ट्रांसफार्मर के लिए रुपये मांगे। इसकी शिकायत मुस्तकीम ने एंटी करप्शन टीम से कर दी। बुधवार शाम कराही उपकेंद्र से पवन कुमार वर्मा काे मुस्तकीम से 22 हजार रुपये लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश मिश्रा ने बताया कि जेई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता प्रेम प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। प्राथमिकी की कॉपी मिलने पर पवन वर्मा को निलंबित किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *