सीपरी बाजार की आवास विकास कॉलोनी में शिवानी उर्फ सुधा की हत्या हुई थी। इस हत्याकांड में आरोपी पति यश ठाकुर एक सप्ताह बाद भी गिरफ्तार नहीं हो सका है। स्वॉट टीम उसकी तलाश में ग्वालियर गई थी, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं आया।
खबर वहीं जो सत्य हो©
सीपरी बाजार की आवास विकास कॉलोनी में शिवानी उर्फ सुधा की हत्या हुई थी। इस हत्याकांड में आरोपी पति यश ठाकुर एक सप्ताह बाद भी गिरफ्तार नहीं हो सका है। स्वॉट टीम उसकी तलाश में ग्वालियर गई थी, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं आया।
यश के परिवार के घर पर भी ताला मिला और परिजन वहां नहीं मिले। लगातार तलाश के बावजूद गिरफ्तारी न होने से पुलिस हत्याकांड का खुलासा नहीं कर पा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिवानी का आईफोन इस मामले में अहम कड़ी है। यह फोन उसके पास से नहीं मिला और आशंका है कि यश उसे अपने साथ ले गया है। फोन बरामद न होने से शिवानी के संपर्कों और घटना से पहले की गतिविधियों के डिजिटल सुरागों की पड़ताल प्रभावित हो रही है। पुलिस ने शिवानी के परिवार के सदस्यों के मोबाइल नंबरों की सीडीआर भी निकलवाई है। घटना के आसपास की बातचीत और संपर्कों को खंगाला जा रहा है। एसएसपी विकास कुमार ने बताया कि यश इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही सारी बातें सामने आ सकेंगी। शिवानी का शव 31 अगस्त को आवास विकास कॉलोनी के फौजी तिराहा के पास एक किराए के मकान में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने की पुष्टि हुई थी। उसके चेहरे पर पांच जगह चोट के निशान भी मिले थे। परिजनों ने यश पर हत्या का आरोप लगाया था।
जांच के दौरान पुलिस को शिवानी की करीब चार साल पहले एक बैंक कर्मचारी से शादी होने की जानकारी मिली है। यह रिश्ता ज्यादा दिनों तक नहीं चला था। इसके बाद करीब डेढ़ साल पहले शिवानी ने यश ठाकुर से शादी की थी। पुलिस इस पुराने वैवाहिक संबंध समेत अन्य पहलुओं को जांच में शामिल कर रही है। हालांकि, अभी इसे हत्या की वजह नहीं माना गया है।