सीएम ग्रिड के तहत जून में झांसी की छठवीं मॉडल सड़क का निर्माण शुरू हो जाएगा। बीकेडी से ग्वालियर रोड तक मॉडल सड़क बननी है। नगर निगम की ओर से निकाली गई निविदा में छह फर्मों ने टेंडर डाले हैं। जांच-पड़ताल के बाद वित्तीय बिड खोलकर नगर निगम चयनित फर्म को इसी महीने वर्कऑर्डर जारी कर सकता है।
48.41 करोड़ रुपये से बीकेडी चौराहा से आयुर्वेदिक कॉलेज, पॉलिटेक्निक, अटल चौक से गणेश चौराहा तक मॉडल सड़क बननी है। इस मार्ग की लंबाई करीब सवा तीन किलोमीटर है। इसके लिए 30 मार्च को शासन की ओर से 15.25 करोड़ रुपये की पहली किस्त भी जारी की जा चुकी है। नगर निगम ने पिछले महीने इस काम की निविदा निकाली थी। टेंडर डालने की अंतिम तिथि आठ मई थी। मुख्य अभियंता राजवीर सिंह ने बताया कि छह फर्मों की ओर से इस काम के लिए टेंडर डाले हैं। 23 मई तक फर्मों के दस्तावेजों का परीक्षण किया जाएगा। जो फर्में मानकों पर खरी उतरती हैं, उनकी वित्तीय बिड खोली जाएगी। जून में मॉडल सड़क का काम शुरू होने की संभावना है।
कई सड़कों का काम 50 से 90 फीसदी तक पूर्ण
सीएम ग्रिड के तहत पांच सड़कों को 86 करोड़ की लागत से मॉडल बनाने का काम जारी है। 41 करोड़ से इलाइट चौराहा से पहूज नदी तक, वार्ड 10 में 11.35 करोड़ से महावीरन मंदिर से पंपेश्वर महादेव मंदिर होते हुए नहर की पुलिया तक, वार्ड 31 में 10.54 करोड़ से लहरगिर्द में अंडरब्रिज से हरकिशन डिग्री कॉलेज और शिवपुरी हाईवे तक, वार्ड 43 में 9.53 करोड़ से रसबहार चौराहा से आर्य कन्या चौराहा होते हुए जर्मनी अस्पताल तक, 13.82 करोड़ से बीकेडी से चित्रा चौराहा तक मॉडल की सड़क इसमें शामिल है। कुछ सड़कों का काम 50 से 90 फीसदी तक पूरा भी हो चुका है।
