उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से होमगार्ड के पदों पर 25, 26 और 27 अप्रैल को लिखित परीक्षा होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली की दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक चलेगी। तीन दिवसीय परीक्षा में 11424 अभ्यर्थी शामिल होंगे। एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ला ने परीक्षा को लेकर कलक्ट्रेट में समीक्षा बैठक की।
एडीएम ने सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षक समेत केंद्र व्यवस्थापकों से कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी के जरिये बोर्ड की सीधी और पैनी नजर है। तलाशी और जांच की भी बोर्ड निगरानी करेगा। इसलिए संवेदनशील होकर सभी कार्रवाई की जाए। प्रत्येक अभ्यर्थी को पहली पाली में सुबह आठ से दोपहर साढ़े नौ बजे और दूसरी पाली में दोपहर एक से ढाई बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। इसके बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। केंद्र पर पाठ्य सामग्री, कागज के टुकड़े, ज्यामितीय-पेंसल बॉक्स, कैलकुलेटर, क्रेडिट/ डेबिट कार्ड, स्केल, कॉपी, पेन ड्राइव, रबड़, इलेक्ट्रॉनिक पेन/ स्कैनर, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट जैसे मोबाइल, कैमरा, स्मार्ट घड़ी, इयरफोन आदि लाना पूर्ण रूप से वर्जित है। इस दौरान एसपी सिटी प्रीति सिंह, लखनऊ बोर्ड से नोडल अधिकारी रामअर्ज, सहायक आयुक्त उद्योग प्रज्ञा वर्मा आदि मौजूद रहे।
