राजधानी लखनऊ में हजरतगंज क्षेत्र के बालू अड्डा के पास अवध ग्रीन अपार्टमेंट के चौथे तल पर स्थित प्रेमिका के फ्लैट से रहस्यमय हालात में गिरने से चिकन कारोबारी शिवा शर्मा (28) की मौत हो गई। अलीगंज सेक्टर-एफ निवासी शिवा की मां रंजना शर्मा ने मॉडलिंग का काम करने वाली बेटे की प्रेमिका श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि, साथी आदिल और चालक तारिक उर्फ दानिश के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
रंजना का कहना है कि श्रद्धा और शिवा चार महीने से लिव-इन में रह रहे थे। आरोप लगाया कि शिवा के मना करने पर भी श्रद्धा उसे जबरन साथ में रखती थी। अलग होने की बात कहने पर श्रद्धा उनके बेटे को झूठे आरोप में बदनाम कर जेल भिजवाने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रही थी।
श्रद्धा और आदिल ने मां को किया फोन
रंजना ने बताया कि शिवा सात अक्तूबर को घर से निकला था। नौ अक्तूबर की शाम 7.00 बजे श्रद्धा और आदिल का फोन आया कि शिवा का एक्सीडेंट हो गया है और उसे अस्पताल लेकर जा रहे हैं। थोड़ी देर बाद तारिक से पता चला कि शिवा को केजीएमयू ले जाया जा रहा है।
रंजना जब केजीएमयू पहुंचीं तो पता चला कि शिवा की मौत हो चुकी है। आरोप है कि श्रद्धा और उसके साथी केजीएमयू से थोड़ी दूरी पर शिवा का शव दिखाकर भाग निकले। बेटे के शरीर पर चोटों के निशान थे। नाक से खून बह रहा था। दोनों पैरों की हड्डी टूटी हुई थी।
मां बोलीं- हत्या की गई
उन्होंने आरोप लगाया कि श्रद्धा, रश्मि, तारिक, आदिल और अन्य ने मिलकर शिवा की हत्या की है। एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा के मुताबिक, आरोपियों के पकड़े जाने के बाद घटना का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
