ललितपुर। जिले में मई 2026 में नकली शराब फैक्टरी का भंडाफोड़ करने के बाद ललितपुर पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ में मिली अहम जानकारी मध्यप्रदेश पुलिस से साझा की थी। आरोपियों ने तैयार नकली शराब को सीमावर्ती मध्यप्रदेश के जिलों में सप्लाई करने की बात बताई थी। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के मुख्य संचालक ने मध्यप्रदेश में सात कंपोजिट शराब की दुकानें होने की जानकारी भी दी थी। इसके बावजूद इस इनपुट को एमपी पुलिस द्वारा गंभीरता से नहीं लिए जाने की बात सामने आ रही है। अब सागर जिले के बंडा क्षेत्र में कथित जहरीली शराब पीने से आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत के बाद यह मामला फिर चर्चा में है।

ललितपुर पुलिस ने मई 2026 में कोतवाली सदर क्षेत्र के पनारी गांव की गंगापुरम कॉलोनी में एक मकान में संचालित नकली शराब फैक्टरी का भंडाफोड़ किया था। मौके से करीब 80 लाख रुपये कीमत की नकली शराब, साढ़े पांच लाख रुपये से अधिक नकद, शराब की बोतलें, ढक्कन, रैपर और हॉलमार्क के अलावा ऑडी, क्रेटा कार समेत अन्य वाहन बरामद किए गए थे।

पुलिस ने मामले में गिरोह के मुख्य संचालक रवि लखेरा निवासी महेवा, थाना ओरछा गेट, जिला छतरपुर, चंद्रेश लोधी उर्फ विक्की निवासी अंडेला, थाना मालथौन, मनीष विश्वकर्मा निवासी पड़वां, पुष्पेंद्र ठाकुर निवासी नयाखेड़ा और अंकित विश्वकर्मा निवासी पड़वां को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने तैयार नकली शराब को सीमावर्ती मध्यप्रदेश के क्षेत्रों में सप्लाई करने की जानकारी दी थी।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह के मुख्य संचालक रवि लखेरा ने मध्यप्रदेश में अपनी सात कंपोजिट शराब की दुकानें होने की बात भी बताई थी। गिरफ्तार आरोपियों से मिली इस जानकारी को ललितपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश पुलिस के साथ साझा किया था। अब सागर के बंडा क्षेत्र में कथित जहरीली शराब से मौतों के बाद एमपी पुलिस द्वारा इसी गिरोह पर शराब सप्लाई का आरोप लगाए जाने से पुराने इनपुट की अहमियत बढ़ गई है। वर्तमान में पनारी क्षेत्र की गंगापुरम कॉलोनी में जिस मकान से नकली शराब फैक्टरी पकड़ी गई थी, वह बंद है। आसपास के लोगों के मुताबिक, अब मकान में कोई नहीं रहता है।


जांच में सात और नाम आए थे सामने

नकली शराब फैक्टरी का भंडाफोड़ होने के बाद हुई जांच में गिरफ्तार रवि लखेरा की पत्नी शिवानी लखेरा, मोना राजा, प्रेम सिंह बांगरी, दादा हरियाणा, दीपचंद्र, बड़े राजा और गजेंद्र के नाम भी सामने आए थे। पुलिस के मुताबिक, इनमें से अधिकांश आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *