झांसी। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी, ओपीडी और वार्डों में पान-मसाला खाना और परिसर में बीड़ी-सिगरेट पीना अब महंगा पड़ेगा। अस्पताल प्रशासन ने ऐसे लोगों पर 100 रुपये जुर्माना लगाने का फैसला किया है। ओपीडी और वार्डों में आने वाले मरीजों और तीमारदारों की सुरक्षा कर्मियों से जांच कराई जाएगी। जांच में पान-मसाला या बीड़ी-सिगरेट मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के बाहर, ओपीडी और वार्डों की दीवारों पर लोग पान-मसाला खाकर थूक देते हैं। इससे दीवारों पर लाल दाग पड़ने के साथ परिसर की स्वच्छता भी प्रभावित हो रही है। अस्पताल प्रशासन की ओर से कई बार लोगों को ऐसा करने से रोका गया, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। अब सख्ती के साथ जुर्माना लगाने की व्यवस्था लागू की जा रही है।
बुधवार से शुरू होगी सख्ती
प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि सुरक्षा कर्मियों को बुधवार से ओपीडी और वार्डों में आने वाले लोगों की सख्ती से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई व्यक्ति पान-मसाला चबाते या बीड़ी-सिगरेट पीते हुए पकड़ा जाता है तो उससे 100 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। जांच के दौरान पान-मसाला, बीड़ी या सिगरेट मिलने पर उसे नष्ट कराया जाएगा।
दीवारों को गंदा होने से बचाने की कवायद
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि पान-मसाला खाकर जगह-जगह थूकने से अस्पताल की दीवारें गंदी हो रही हैं। इससे मरीजों और तीमारदारों के बीच गलत संदेश भी जाता है। जुर्माने की कार्रवाई का उद्देश्य केवल राजस्व वसूलना नहीं, बल्कि अस्पताल परिसर को तंबाकू और गुटखा मुक्त रखने के साथ स्वच्छता व्यवस्था में सुधार करना है।
