– प्राचार्य का दावा, सोमवार से व्यवस्था हो जाएगी शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में अभी तक आईपीडी (इन-पेशेंट डिपार्टमेंट) के रोगियों को नाश्ता व खाना मिलना शुरू नहीं हुआ है। जबकि शासन दो लाख रुपये मंजूर करके जारी कर चुका है।
आयुर्वेद कॉलेज की ओपीडी में रोजाना 200 से ज्यादा रोगी उपचार के लिए आते हैं। कई रोगियों को भर्ती करके उपचारित किया जाता है। वार्ड में औसतन 35 से 40 रोगी रहते हैं। भर्ती रोगियों को नाश्ता और खाने की व्यवस्था है, जिसके लिए शासन बजट देता है। अप्रैल से अगस्त के मध्य तक बजट नहीं मिलने की वजह से नाश्ता व खाने की व्यवस्था बंद थी। अब शासन ने दो लाख रुपये का बजट भेज दिया है। कॉलेज प्रशासन ने सात सितंबर तक वार्ड में नाश्ता व खाने की व्यवस्था शुरू करने का दावा किया था, जो बृहस्पतिवार तक चालू नहीं हो सका है। सूत्रों का कहना है कि टेंडर की प्रक्रिया पूर्ण नहीं होने पर रोगियों को खाना नहीं मिल पाया है।
प्राचार्य प्रो. माखन लाल का कहना है कि रसोई की छत से बारिश का पानी टपकने के कारण नाश्ता व खाना बनना शुरू नहीं हो सका है। अब मौसम सामान्य हो गया है और कुछ दिक्कतें भी दूर हो गई हैं। अब वार्ड में सोमवार से नाश्ता व खाने की व्यवस्था शुरू हो जाएगी।
